BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बलरामपुर द्वारा सोमवार को “बीमा, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं” पर आधारित तीन दिवसीय कृषक गोष्ठी एवं मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती के साथ-साथ प्रधानमंत्री की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक श्री पल्टूराम ने किया। उन्होंने किसानों से कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेती के साथ सामाजिक सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उप गन्ना आयुक्त, देवीपाटन मंडल, गोंडा डॉ. आर.बी. राम ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक, यंत्रीकरण, फसल चक्र एवं जैव उर्वरकों के प्रयोग से उत्पादन एवं आय दोनों में वृद्धि संभव है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार का आर्थिक भविष्य सुरक्षित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, बलरामपुर ने विभिन्न बैंकिंग एवं बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को बीमा धनराशि, वार्षिक प्रीमियम, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। मौके पर अनेक किसानों का विभिन्न योजनाओं में नामांकन भी कराया गया, जिससे किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने किसानों को गन्ने की उन्नत एवं अधिक उत्पादन देने वाली प्रजातियों, फसल में लगने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम, उनके प्रभावी नियंत्रण तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन लागत कम करने और गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय भी बताए। विशेष सचिव, सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बलरामपुर श्री अविनाश सिंह ने समिति द्वारा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि समिति में न्यूनतम किराये पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त नए सदस्य बनाने की प्रक्रिया, सर्वे सट्टा प्रदर्शन, समिति स्तरीय सेवाओं तथा गन्ना आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के संबंध में भी किसानों को विस्तार से अवगत कराया गया। जिला गन्ना अधिकारी श्री संजय कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य किसानों को केवल बेहतर खेती के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला कृषकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की। महिला किसानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने में रुचि दिखाई।







