FATEHPUR NEWS: थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के ग्राम निहालपुर सानी में कृषि कार्य के दौरान एक युवती को सर्प ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी हालत अब बेहतर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, निहालपुर सानी गांव निवासी प्रतिमा देवी (26) पत्नी सुमेर कुमार घर से कुछ दूर पुराने ईंट भट्ठे के पास कृषि कार्य के लिए गई थीं। इसी दौरान घास में छिपे सर्प पर उनका पैर पड़ गया। सर्प ने उनके दाहिने पैर के अंगूठे में डस लिया। सर्प के डसने के बाद प्रतिमा देवी तेज आवाज में चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। परिजनों और चिकित्सक के अनुसार, युवती को समय रहते अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उसकी हालत में अब सुधार है। घटना के बाद परिजनों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।







