FATEHPUR NEWS: कांग्रेस की महिला नेत्री एवं महिला कांग्रेस फतेहपुर की जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल अपने समर्थकों के साथ प्रयागराज पहुंचीं। यहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अपनी बात रखी। हेमलता पटेल ने कहा कि प्रदेश में युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। समय पर भर्तियां नहीं निकलने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक होने से युवाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से शिक्षक भर्ती नहीं होने से भी युवाओं में निराशा है। उन्होंने सरकार से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी गुलाबी शर्ट में नजर आए। इस पर हेमलता पटेल ने कहा कि गुलाबी रंग संघर्ष, सशक्तिकरण और न्याय का प्रतीक है। प्रयागराज दौरे के दौरान हेमलता पटेल ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान फतेहपुर की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में फतेहपुर कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र मौजूद रहे।







