Home उत्तर प्रदेश कोरांव में साल भर में ही टूट गया इंटरलॉकिंग सड़क का डिवाइडर

कोरांव में साल भर में ही टूट गया इंटरलॉकिंग सड़क का डिवाइडर

नगरवासियों ने मरम्मत कराने व अधूरे सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराने की मांग की
PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत कोरांव के गोविंद नगर मोहल्ले में निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क का डिवाइडर एक वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके साथ ही लगभग 50 मीटर सड़क अधूरी छोड़ दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मोहल्ले के निवासियों का कहना है कि सड़क बने अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इसका डिवाइडर टूट गया है। अधूरी सड़क के कारण दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। स्थानीय निवासी अरुण जायसवाल ने बताया कि ठेकेदार ने इंटरलॉकिंग सड़क के साथ पक्की नाली के निर्माण का भी आश्वासन दिया था, लेकिन न तो नाली बनी और न ही मिट्टी डाली गई। इसी वजह से सड़क का डिवाइडर क्षतिग्रस्त हो रहा है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मोहल्ले के निवासियों ने अधूरी सड़क का निर्माण पूरा कराने, क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करने और पक्की नाली बनाने की मांग की है। चतुरनाथ गोस्वामी, डॉ. राजेश और महेंद्र कुमार सहित अन्य निवासियों ने भी सड़क के अधूरे निर्माण और डिवाइडर के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की। इस संबंध में नगर पंचायत कोरांव के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।