Home उत्तर प्रदेश कुशीनगर विधायक पी.एन पाठक का हजारों लोगों ने किया भव्य स्वागत

कुशीनगर विधायक पी.एन पाठक का हजारों लोगों ने किया भव्य स्वागत

पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद कुशीनगर आगमन पर लोगों ने किया भव्य स्वागत

करीब 500 गाड़ियों से निकला काफिला
KUSHINAGAR NEWS: पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक एवं प्रचंड जीत के बाद बुधवार को कुशीनगर पहुंचे विधायक पी.एन पाठक का हजारों समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाने के बाद विधायक पी.एन पाठक पहली बार कुशीनगर पहुंचे थे। इस दौरान करीब 500 गाड़ियों का विशाल काफिला गोरखपुर होते हुए कसया पहुंचा। रास्ते भर समर्थकों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। 15 मील, हाटा-गोरखपुर चौराहा, केन यूनियन चौराहा हाटा, हेतिमपुर टोल प्लाजा, महुआडीह मोड़, पकवा इनार, कुशीनगर चौराहा और कसया समेत दर्जनों स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर विधायक का अभिनंदन किया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ “जय श्रीराम” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारे लगाए। बताया जा रहा है कि विधायक पी.एन पाठक ने पश्चिम बंगाल राज्य के साथ-साथ हुगली जिले के चुनाव प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान विधायक पी.एन पाठक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। विधायक श्री पाठक ने स्वागत में आए क्षेत्रवासियों के स्नेह और समर्थन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है।