SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के प्रसिद्ध कालानमक चावल और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना के तहत संचालित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) की प्रगति को लेकर मंगलवार को कैंप कार्यालय पर जिला स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बलराम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद की गौरवशाली कालानमक धान की खेती का रकबा और उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कालानमक धान के उत्पादन में वृद्धि के लिए किसानों के साथ अनुबंधित खेती (कांट्रैक्ट फार्मिंग) को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए उन्होंने किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने, अधिकाधिक जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन करने और स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) सहित किसान सदस्यों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक के दौरान सीएफसी के निदेशक ने समिति को अवगत कराया कि आगामी सत्र में 1500 मीट्रिक टन कालानमक धान के क्रय और उसके प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) के लिए सिंगापुर की प्रतिष्ठित कंपनी ‘बुद्धा राइस’ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे स्थानीय स्तर पर किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार का लाभ मिल सकेगा। निदेशक ने किसानों के हित में बताया कि एसपीवी के पंजीकृत सदस्यों के साथ-साथ गैर-सदस्य किसानों को भी एक विशेष सुविधा दी जा रही है। ऐसे सभी किसान, जिनके पास 4 टन या उससे अधिक मात्रा में कालानमक धान उपलब्ध रहेगा, उन्हें सीएफसी तक धान लाने के लिए परिवहन (ट्रांसपोर्टेशन) और उसकी प्रोसेसिंग की सुविधा पूरी तरह से निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी (डीएमओ), सहायक उपायुक्त उद्योग शिव शंकर कुमार सहित एसपीवी के तमाम सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







