Home उत्तर प्रदेश करदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 15 से 31 जुलाई तक लगेगा शिकायत निवारण...

करदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 15 से 31 जुलाई तक लगेगा शिकायत निवारण कैंप

FATEHPUR NEWS: आयकर विभाग द्वारा शुक्रवार को शहर के एक रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट हॉल में करदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयकर अधिनियम-2025 के नए प्रावधानों की जानकारी दी गई तथा करदाताओं को विभाग की विभिन्न सेवाओं के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में अपर आयकर आयुक्त (मुख्यालय) सौजन्य रंजन ने आयकर अधिनियम-2025 के प्रमुख प्रावधानों पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने नए आयकर फॉर्म और उनसे संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान एक ई-वॉल भी प्रदर्शित की गई, जिसमें सभी नए आयकर फॉर्म उपलब्ध कराए गए। इन्हें मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर डाउनलोड किया जा सकता है। कार्यक्रम में आयकर अधिकारी फतेहपुर अर्पित कौशल भी मौजूद रहे। आयकर विभाग ने बताया कि मुख्य आयकर आयुक्त मीनाक्षी सिंह के मार्गदर्शन में 15 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक ‘बकाया मांग एवं शिकायत निवारण कैंप’ आयोजित किया जाएगा। यह कैंप इलाहाबाद, गोरखपुर और बरेली प्रधान आयकर आयुक्त प्रभार के अंतर्गत आने वाले सभी आयकर कार्यालयों में लगाया जाएगा। कैंप में करदाताओं की बकाया मांग, रिफंड, रेक्टिफिकेशन आवेदन, पैन से संबंधित तकनीकी समस्याओं सहित अन्य शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। विभाग ने करदाताओं और टैक्स प्रैक्टिशनरों से अपील की है कि वे कैंप में अपने मामलों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, जैसे नोटिस, टैक्स जमा करने के चालान और पूर्व में दिए गए आवेदनों की प्रतियां साथ लेकर आएं, ताकि शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जा सके। आयकर विभाग के अनुसार यह कैंप 15 से 31 जुलाई तक प्रत्येक कार्य दिवस पर संबंधित आयकर कार्यालयों में संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य करदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना और विभाग तथा करदाताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।