FATEHPUR NEWS: जिला पंचायत द्वारा व्यापारियों एवं आबकारी की दुकानों से वसूले जा रहे विभव कर एवं अन्य करों के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों और व्यापारियों के बीच आयोजित समन्वय बैठक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। बैठक में व्यापारियों ने मनमाने करों का विरोध करते हुए इसे व्यापारियों का उत्पीड़न बताया। बैठक के दौरान उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने जिला पंचायत द्वारा लगाए जा रहे विभव कर एवं अन्य करों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब जिला पंचायत व्यापारियों को शौचालय, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा रही है, तो फिर व्यापारियों से टैक्स किस आधार पर लिया जा रहा है। उन्होंने आबकारी की दुकानों से कर वसूली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लाइसेंस जारी होने के समय ही संबंधित शुल्क और कर जमा कराए जाते हैं। इसके बावजूद जिला पंचायत द्वारा अलग से टैक्स वसूली के लिए नोटिस जारी करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों को पिछले दस वर्षों के कर की वसूली के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं, जो न्यायसंगत नहीं है। शिवचंद्र शुक्ल ने अधिकारियों से मांग की कि व्यापारियों पर लगाए गए पुराने करों को माफ किया जाए तथा जब तक जिला पंचायत व्यापारियों को आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध न कराए, तब तक किसी भी प्रकार का नया कर न वसूला जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यापारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापार मंडल व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। इस दौरान उन्होंने कहा, “अब याचना नहीं, रण होगा… संग्राम महाभीषण होगा।” गौरतलब है कि इससे पहले जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था। उस समय जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अधिकारियों को व्यापारियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को समन्वय बैठक आयोजित की गई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। व्यापारियों के आंदोलन को उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मल्होत्रा तथा जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह ने भी समर्थन दिया है। बैठक में व्यापार मंडल के वरिष्ठ जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव ‘सोनू’, शहर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, महामंत्री दीपक साहू, खखरेरू अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह उर्फ बालाजी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।







