SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद सिद्धार्थनगर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)’ अभियान के तहत गुरुवार को थाना कठेला समय माता के मिशन शक्ति केंद्र पर एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के कुशल मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, साइबर फ्रॉड से बचाव और नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लगभग 45 छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन के मूल मंत्र से अवगत कराते हुए शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं को नए कानूनों के तहत ‘शून्य (Zero) FIR’ की आधुनिक अवधारणा, मामलों के समयबद्ध निपटारे, त्वरित न्याय प्रणाली और महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित ‘कवच परियोजना’ के विशेष प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण व न्याय प्रक्रिया में प्रौद्योगिकी एवं फोरेंसिक विज्ञान के बढ़ते उपयोग के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई।
महिलाओं की त्वरित सहायता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कार्यक्रम में शासन द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और इससे संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए गए। बालिकाओं को वुमेन पावर हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता हेल्पलाइन 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड केयर हेल्पलाइन 1098, एल्डर हेल्पलाइन 14567, अग्निशमन हेल्पलाइन 101 और सामान्य व गर्भवती महिलाओं के लिए एम्बुलेंस सेवा 108 व 102 की उपयोगिता बताई गई।आपातकालीन संपर्क के लिए थाना कठेला समय माता के सीयूजी नंबर 9454458050 तथा मिशन शक्ति केन्द्र के सीयूजी नंबर 9454408325 को भी साझा किया गया। जागरूकता सत्र के अंत में उपस्थित छात्राओं ने इस कार्यक्रम को बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है और समाज में निडर व सशक्त होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस विशेष अभियान को धरातल पर सफल बनाने में थाना कठेला समय माता की मिशन शक्ति टीम के उप-निरीक्षक श्याम देव प्रसाद, रिजर्व कॉन्स्टेबल उत्तम कुमार, महिला कॉन्स्टेबल मीरा रानी और महिला कॉन्स्टेबल करिश्मा की मुख्य भूमिका रही।







