बच्चों को दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
FATEHPUR NEWS: विकास खंड ऐरायां के कंपोजिट विद्यालय इजूरा खुर्द में पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के इको क्लब प्रभारी एवं शिक्षक गौरव सिंह भदौरिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पृथ्वी दिवस के महत्व पर आधारित जागरूकता सत्र से हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि पृथ्वी को सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा बदलाव संभव है। इस अवसर पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने “पृथ्वी बचाओ”, “हरियाली बढ़ाओ” और “स्वच्छ पर्यावरण” जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रधानाध्यापक कृपाशंकर द्वारा पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पर्यावरण के प्रति सजग रहने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सहायक अध्यापक कीर्ति कुमार एवं सुभाष चंद्र सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पृथ्वी को स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी विकसित करने में बेहद प्रभावी साबित हुआ। वहीं दूसरी ओर एम एल एम कॉन्वेंट स्कूल सुल्तानपुर घोष में भी नन्हें – मुन्ने बच्चों के साथ पृथ्वी दिवस मनाकर पर्यावरण एवं भौलोगिक स्थिति का सामान्य ज्ञान दिया गया। इस दौरान प्रबंधक ज्योति मौर्य एवं कॉन्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल विशाल बाजपेई सहित समस्त स्टाफ ने बच्चों के साथ मिलकर एक्टिविटी करते हुए बच्चों को पृथ्वी एवं उसके वातावरण का जमकर ज्ञान कराया। इस दौरान बच्चों ने हाथों में तख्ती और पोस्टर लेकर जागरूकता का संदेश दिया है।







