Home उत्तर प्रदेश औरैया में राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन का धरना 20 वें दिन भी जारी,व्यापार...

औरैया में राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन का धरना 20 वें दिन भी जारी,व्यापार मंडल ने दिया पूर्ण समर्थन

AURAIYA NEWS: राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन के तत्वावधान में अपनी जायज मांगों को लेकर चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल  20 वें दिन भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रही। अपनी मांगों के समर्थन में अधिवक्ताओं का क्रमिक अनशन लगातार गति पकड़ रहा है। शनिवार को क्रमिक अनशन के 20 वें दिन अनशन स्थल पर प्रमुख रूप से अजीत यादव, अनुराग सिंह चौहान,अश्विनी चतुर्वेदी,जय नारायण शुक्ला एवं देवेंद्र कुमार दुबे धरने पर बैठे। राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का उत्साहवर्धन करने और उनके संघर्ष को मजबूती देने के लिए जिले का व्यापारी वर्ग भी खुलकर सामने आ गया है। व्यापारिक संगठनों ने  ऐतिहासिक समर्थन देते हुए एक दिन बाजार बंदी का भी एलान किया है, शनिवार को धरना स्थल पर अधिवक्ताओं के आंदोलन को प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का पूर्ण और बिना शर्त समर्थन प्राप्त हुआ। प्रतिनिधित्व व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र गुप्ता ने धरना स्थल पर पहुंचकर अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सभी मांगें पूरी तरह न्यायसंगत और जायज हैं। अधिवक्ताओं के इस हक की लड़ाई में व्यापारी समाज उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने आंदोलन को और धार देने के लिए एक दिन की बाजार बंदी करने का भी बड़ा ऐलान किया है।इसके साथ ही भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल ने भी अपने पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पर उपस्थिति दर्ज कराई और अधिवक्ताओं के इस न्यायसंगत संघर्ष को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।”राजस्व अधिवक्ता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने कहा यह संघर्ष केवल वकीलों का नहीं,बल्कि आम जनता के न्याय और सम्मान की लड़ाई है। व्यापारी संगठनों से मिले इस भारी समर्थन ने यह साबित कर दिया है कि हमारा रुख पूरी तरह सही है। महामंत्री हरीभानु अवस्थी ने कहा जब तक हमारी न्यायोचित मांगें पूरी नहीं हो जातीं,यह आंदोलन और क्रमिक अनशन इसी तरह अनवरत जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों का ऐतिहासिक समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया हैं।