लंबे समय से जाम की समस्या पर प्रशासन को मिल रही थी शिकायतें, कार्रवाई पर हंगामा
PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत कोरांव में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या को लेकर लंबे समय के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए शुक्रवार को शाम 4 बजे के करीब सड़क पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाना शुरू किया तो प्रशासन व व्यापारियों में नोंक झोंक होने लगी। अतिक्रमण हटवाने के दौरान मौजूद रहे एसडीएम संदीप तिवारी एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय व थाना प्रभारी कोरांव राकेश कुमार वर्मा अधिशासी अधिकारी अमित कुमार से व्यापारियों की तीखी झड़प भी हुई। इस दौरान उप जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने सभी व्यापारियों को शनिवार तक हर हाल में नाली सीमा पर लगाए गए टीन शेड इत्यादि को हटा लेने की हिदायत दी है। कोरांव बाजार के सब्जी मंडी तिराहे पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नाली सीमा के बाहर लगाए गए टीन शेड व अन्य सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन तोड़वाते हुए नगर पंचायत कार्यालय पर भेजवा दिया। ज्ञातब्य हो कि कोरांव बाजार में अतिक्रमण को लेकर प्रतिदिन जाम लगता है। स्कूली बच्चों समेत राहगीरों व एंबुलेंस आदि वाहनों को फंसकर परेशान होना पड़ता है। जिसकी शिकायतें भी लगातार नगर प्रशासन तहसील प्रशासन व अन्य उच्च अधिकारियों के यहां की जाती रही। जिसके क्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। इस दौरान चैराहे एवं सब्जी मंडी तिराहे पर लगी होर्डिंगों को भी प्रशासन ने हटवा दिया। उप जिलाधिकारी कोरांव संदीप तिवारी ने सभी दुकानदारों को हिदायत दी है कि सड़क पटरियों पर अगर पुनः अतिक्रमण किया गया अथवा टीन शेड लगाया गया तो संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई कराई जाएगी। व्यापारियों और प्रशासन के बीच तीखी नोंक झोंक के दौरान व्यापारियों ने टीन शेड न हटवाने की मांग की। लेकिन प्रशासन ने सभी व्यापारियों को टीन शेड खुद हटा लेने की हिदायत दी है। अतिक्रमण हटवाने को लेकर व्यापारियों में आक्रोश भी देखा गया।







