Home उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा : एडीजी प्रयागराज जोन ने फतेहपुर में...

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा : एडीजी प्रयागराज जोन ने फतेहपुर में परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। इसी क्रम में मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने जनपद फतेहपुर का दौरा कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। एडीजी ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहपुर परीक्षा केंद्र पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर तैनात पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने परीक्षा केंद्र पर प्रवेश करने वाले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी व्यवस्था को देखा और अधिकारियों से परीक्षा संचालन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। साथ ही परीक्षा केंद्र में उपलब्ध अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीजी ज्योति नारायण ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भर्ती परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एडीजी को जनपद में परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सीसीटीवी मॉनिटरिंग, चेकिंग व्यवस्था एवं सतत गश्त की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, क्षेत्राधिकारी थरियांव सहित अन्य पुलिस अधिकारी, परीक्षा केंद्र के कर्मचारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भर्ती परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर शासन स्तर से कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। फतेहपुर में भी पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।