Home उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग की भूमि पर बने अधिवक्ता चेम्बरों को हटाने से पहले...

आबकारी विभाग की भूमि पर बने अधिवक्ता चेम्बरों को हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

समाधान दिवस में सीडीओ को ज्ञापन सौंपकर वकीलों ने उठाई समस्या
FATEHPUR NEWS: जनपद की खागा तहसील में विधि व्यवसाय कर रहे अधिवक्ताओं ने कथित रूप से आबकारी विभाग की भूमि पर बने अपने चेम्बरों को हटाने से पहले वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में अधिवक्ताओं ने समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। अधिवक्ताओं का कहना है कि खागा तहसील परिसर के समीप आबकारी विभाग की खाली पड़ी भूमि पर पिछले लगभग आठ वर्षों से कई अधिवक्ताओं के चेम्बर संचालित हो रहे हैं। बीते 12 जून 2026 को आबकारी विभाग के निरीक्षक रमेश सिंह ने बार एसोसिएशन खागा के अध्यक्ष के माध्यम से उक्त भूमि पर बने सभी चेम्बरों को हटाने के निर्देश दिए थे। इस पर अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि यदि उक्त भूमि पर बने चेम्बरों को हटाया जाना प्रस्तावित है, तो सबसे पहले भूमि का विधिवत चिन्हांकन कराया जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कितने चेम्बर प्रभावित होंगे। जूनियर अधिवक्ताओं का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता रामसखा द्विवेदी ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि प्रभावित अधिवक्ताओं को उनके विधि व्यवसाय के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए बिना चेम्बरों को हटाना उचित नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि प्रशासन पहले प्रभावित वकीलों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जाए। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय परिसर के आसपास बैठने की व्यवस्था उनके पेशे के लिए आवश्यक है और प्रशासन को इस पहलू को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालना चाहिए। इस अवसर पर मोहम्मद इसराइल फ़ारूक़ी, श्याम कुमार गुप्ता पंकज, अखिलेश यादव, आशीष शुक्ला, अभिमन्यु सिंह मौर्य, अनूप कौशल, नीतू जायसवाल, आशीष कुमार सिंह, स्मिता, आकाश मौर्य, सत्य प्रकाश यादव, रोहित, उमेश मौर्य, धर्मेंद्र मौर्य, सुनील कुमार सिंह, चित्रसेन, अनिल कुमार, कृष्णा, चंद्रभान सिंह, नीरज कुमार, अभिषेक कुमार, कृष्ण कुमार तिवारी, अभिषेक श्रीवास्तव, हेमचंद्र विश्वकर्मा, पप्पू, शिवशंकर यादव, शिव सिंह, पवन अग्रहरि, आर.डी. यादव, बलराम सिंह, आदर्श सिंह, मनोज कुमार, रवि कुमार, पुष्कर मौर्य, मनीष शुक्ला, कुबेर सिंह, प्रशांत कुमार, कमलेश लोधी, आशीष लोधी उर्फ सारंग सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहे।