FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार दरबेशाबाद गांव के समीप शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तेज गति से जा रहा ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक शिवम पुत्र मनोज निवासी उमरगहना थाना मलवां तथा सवारी संगीता देवी (20) पत्नी अमित कुमार निवासी ग्राम पनई थाना मलवां घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के दौरान दोनों के फ्रैक्चर होने की आशंका जताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया।







