Home उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने की सूचना पर फतेहपुर...

अखिलेश यादव को पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने की सूचना पर फतेहपुर में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

रेलवे स्टेशन पर धरने पर बैठे सपाई, छात्रों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग
– अखिलेश यादव की रिहाई की सूचना मिलते ही समाप्त हुआ धरना, बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सोमवार देर शाम दिल्ली में पुलिस द्वारा डिटेन किए जाने की सूचना मिलते ही जनपद फतेहपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पार्टी संगठन सक्रिय हो गया और जिला अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को तत्काल समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचने का संदेश दिया। देर रात बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सपा कार्यालय पहुंचे, जहां स्थिति पर चर्चा के बाद सभी ने पैदल मार्च निकालने का निर्णय लिया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता “अखिलेश यादव को रिहा करो”, “छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद” तथा अन्य नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से होकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां प्रदर्शन धरने में बदल गया और कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन परिसर में बैठकर विरोध जताने लगे। धरने को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिसकी पार्टी कड़ी निंदा करती है। नेताओं ने कहा कि छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को तत्काल रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे। धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते रहे। देर रात लगभग 11 बजे जैसे ही यह सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस ने अखिलेश यादव को रिहा कर दिया है, कार्यकर्ताओं ने राहत व्यक्त की। इसके बाद नेताओं ने धरना समाप्त करने की घोषणा की और सभी शांतिपूर्वक वहां से रवाना हो गए। इसी कड़ी में खागा व बिंदकी नगर में भी सपाइयों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।  धरने में पूर्व जिलाध्यक्ष विपिन यादव, पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट जगदीश सिंह, नगर पालिका परिषद फतेहपुर चेयरमैन एडवोकेट राजकुमार मौर्य, डॉ. राम नरेश पटेल, एडवोकेट सुघर लाल यादव, हीरा लाल साहू, दीपक डब्लू, सुमित साहू, संगीता राज पासवान, अखिलेश सविता, तरन्नुम परवीन, आशीष नामदेव, सुहैल खान, एडवोकेट संदीप माली, वीरेंद्र साहू, सुनील उमराव, इंजीनियर सिद्धार्थ कोरी, रविंद्र यादव, विवेक उमराव, उदय सिंह, पंकज यादव, नरेश कोरी, हाजी सिराज, सऊद अहमद, मोहम्मद साबिर, रिशु तिवारी, दानिश, फैज आलम, फैज़ी समाजवादी, अरशद अनवर, नागेंद्र यादव, आनंद कोटार, नफीस सिद्दीकी, अभिलाष यादव, विवेक यादव, धीरेन्द्र मौर्य, डॉ. रामकेश पटेल, रौनक राज पासवान, अजय लोहिया सहित सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।