किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने डिजिटल मीटर लगाने की उठाई मांग
FATEHPUR NEWS: जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को किसानों की खाद समस्या एवं स्मार्ट मीटरों से आ रहे कथित अधिक बिजली बिलों को लेकर प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्व की भांति डिजिटल मीटर लगाए जाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में खरीफ फसलों की बुआई एवं रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। इस दौरान किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की सर्वाधिक आवश्यकता होती है, लेकिन जनपद में खाद की पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण किसानों को घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाद नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों का बहुमूल्य समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं तथा कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में राज्यपाल से मांग की गई कि किसानों की परेशानी को देखते हुए जनपद सहित पूरे प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े और खरीफ फसलों की बुआई एवं रोपाई समय से पूरी हो सके। कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटरों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में लगाए गए स्मार्ट बिजली मीटरों से उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत से अधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर बढ़े हुए बिजली बिल अतिरिक्त आर्थिक बोझ साबित हो रहे हैं। ऐसे में सरकार को उपभोक्ताओं की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए स्मार्ट मीटरों को हटाकर पूर्व की भांति डिजिटल मीटर लगाए जाने की व्यवस्था करनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता और किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। यदि समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ नेता शेख एजाज अहमद, सुधाकर अवस्थी एडवोकेट, मणि प्रकाश दुबे, संतोष कुमारी शुक्ला, शोभा दुबे, पूनम द्विवेदी, पप्पी राजपूत, आशीष गौड़, इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे, राजीव लोचन निषाद, आदित्य श्रीवास्तव, ओम प्रकाश कोरी, राजीव श्रीवास्तव, राम नरेश महाराज, नवनीत तिवारी, कल्लू कोरी, बसीर अहमद, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, निजामुद्दीन, अब्दुल हफीज, डॉ. अब्दुल हमीद, इंद्रजीत लोधी, अब्दुल रज्जाक, रमजान अहमद, धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।







