पूर्व विधायक करन सिंह पटेल ने छात्र सांसदों को दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की सीख, डॉ. भूपेंद्र सिंह ने संस्कार और परिश्रम का दिया संदेश
FATEHPUR NEWS: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड, फतेहपुर (हिंदी माध्यम) में बुधवार को छात्र संसद एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित छात्र संसद एवं कन्या भारती के पदाधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिंदकी के पूर्व विधायक करन सिंह पटेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाग कार्यवाह श्री ज्ञानेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्र संसद एवं कन्या भारती के नवचयनित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि करण सिंह पटेल ने छात्र सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व और संगठनात्मक कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी छात्र प्रतिनिधि अपने-अपने विभागों का ईमानदारी और समर्पण के साथ संचालन करें तथा विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छता और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। विशिष्ट अतिथि श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन, संस्कार और सेवा भाव का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित और समाज सेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। राजकीय जिला चिकित्सालय फतेहपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को संस्कार, कठिन परिश्रम और नियमित अध्ययन का महत्व बताते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और अच्छे चरित्र का निर्माण करने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने छात्र संसद की रूपरेखा, गठन प्रक्रिया तथा उसके उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, उत्तरदायित्व और सामाजिक चेतना का विकास करना है। कार्यक्रम के अंत में छात्र संसद के उपाध्यक्ष एवं आचार्य कृष्णचन्द्र वर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर व्यवस्था प्रमुख राजनारायण, कन्या भारती की उपाध्यक्ष पारूल सिंह, गणित प्रवक्ता अजीत सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।







