उद्योग व व्यापार बंधु की बैठक: व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी — जिलाधिकारी
सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में पिछली कार्यवाहियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि एमओयू (सहमति पत्र) पर हस्ताक्षर करने वाले उद्यमियों से सतत संपर्क बनाए रखें, उनकी व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित निराकरण कराएं और उन्हें जिले में अधिक से अधिक पूंजी निवेश के लिए प्रोत्साहित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 'निवेश मित्र' पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा व्यापारियों का कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने रोजगार सृजन योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), पशुपालन, दुग्ध, उद्यान, पर्यटन विभाग तथा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजनाओं व एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) से जुड़ी व्यापारियों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान हेतु निर्देशित किया गया। आगामी दुर्गापूजा पर्व के मद्देनजर नगर पालिका व नगर पंचायतों को बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार दोहरे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार, संबंधित अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे