ट्रक की टक्कर से घायल किशोरी की इलाज के दौरान मौत किशोर की हालत गंभीर
औरैया। जनपद के फफूंद औरैया मार्ग पर जल निगम के बोरिंग कार्य में लगे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोर और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे दोनों को उपचार के लिए चिचौली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में किशोरी को सैफई रेफर कर दिया गया। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर के एक मोहल्ले का 17 वर्षीय किशोर बाइक से औरैया जा रहा था। मुरादगंज तिराहे पर उसे कस्बे की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी मिली, जो अपनी रिश्तेदारी में जा रही थी। किशोर ने उसे बाइक पर बैठा लिया। दोनों औरैया मार्ग पर देवपुर और शेरपुर सरैया के बीच पहुंचे,तभी पीछे से आए जल निगम के बोरिंग कार्य में लगे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से चिचौली अस्पताल भिजवाया गया। हालत गंभीर होने पर किशोरी को सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया था, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक किशोरी की मां रेखा देवी ने ट्रक के विरुद्ध मुक़दमा दर्ज कराया है।