तीनों जनपदों में जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करें अधिकारी,अन्यथा होगी कड़ी कार्रवाई-मण्डलायुक्त
मीरजापुर (अमरेश चंद्र पाण्डेय)। मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडल के तीनों जनपदों मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही में कानून व्यवस्था, विकास कार्यों, जल जीवन मिशन, सीएम डैशबोर्ड और राजस्व वसूली की समीक्षा की।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने जल निगम के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए पाइपलाइन में लीकेज और पाइप फटने जैसी समस्याओं को तत्काल दूर कर शत-प्रतिशत घरों में जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
निर्माणाधीन सड़कों और बकहर नदी पर लघु सेतु निर्माण में वन भूमि से संबंधित बाधाओं को दूर कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने और गड्ढामुक्त अभियान के कार्य निर्धारित समय में पूरे करने को भी कहा।
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में खराब रैंकिंग वाले विभागों को प्रगति सुधारने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नवंबर की समीक्षा में रैंकिंग खराब मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व वसूली, लंबित वादों और चकबंदी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए मंडलायुक्त ने त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। उन्होंने अपराधियों, भू-माफियाओं और अवैध खनन में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा जमीन विवादों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चंद्र, अपर आयुक्त राजकुमार द्विवेदी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राम नारायण यादव सहित तीनों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी जुड़े रहे।