टैंकर की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
औरैया। बेला-कानपुर मार्ग पर पिपरौली शिव गांव के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार 20 वर्षीय मोहन कुमार की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सुधा देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से टिड़ुआ व याकूबपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार,मोहन कुमार पुत्र स्वर्गीय दिलाशाराम निवासी टिड़ुआ, याकूबपुर बाइक से बेला से अपने घर लौट रहा था। बेला-कानपुर मार्ग पर पिपरौली शिव गांव के आगे स्कूल के पास रसूलाबाद की ओर से बेला आ रहे इंडियन ऑयल के टैंकर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी हादसे में मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेला लेकर पहुंचे वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वह पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। मोहन कुमार किराना की दुकान चलाता था उसके परिवार में बड़ा भाई कन्हैया और छोटा भाई मनीष कुमार हैं। ऐसे में परिवार के युवा सदस्य की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटे की मौत से मां सुधा देवी बदहवास हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने नौसारा स्थित पेट्रोल पंप पर टैंकर का पता लगाया था। आरोप है कि पेट्रोल पंप पर डीजल खाली करने के बाद चालक वहां से भी निकल गया। हालांकि, चालक की गिरफ्तारी और मामले में पुलिस की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।