मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर निकाली जागरूकता रैली
झाँसी। शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत रविवार को झाँसी पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जन-जागरूकता रैली निकाली गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में आयोजित रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविन्द कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह तथा क्षेत्राधिकारी महिला अपराध आसमा वकार ने किया।
महिला पुलिस बल द्वारा निकाली गई पैदल रैली महिला थाना से प्रारंभ होकर इलाइट चौराहा, जीवनशाह तिराहा एवं जल विभाग कार्यालय के सामने से होते हुए पुनः महिला थाना पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिसकर्मियों ने रास्ते में मौजूद नागरिकों, महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों, शासन की कल्याणकारी योजनाओं तथा महिलाओं के अधिकारों की जानकारी दी।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न की स्थिति में जागरूक होकर मदद लेने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ाना है।
झाँसी पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ ही जनपद में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।