लोको शटडाउन से झांसी मंडल ने सितंबर में बचाए 1.43 करोड़ रुपये
झांसी। रेलवे में ईंधन की खपत कम करने के लिए लोकोमोटिव शटडाउन व्यवस्था अपनाने से झांसी मंडल को बड़ी बचत हुई है। सितंबर 2026 में मंडल ने डीजल की बचत से 1 करोड़ 43 लाख 51 हजार 437 रुपये की राजस्व बचत की। वहीं, अप्रैल से सितंबर 2026 तक छह माह में कुल बचत 8 करोड़ 97 लाख 74 हजार 182 रुपये पहुंच गई।
रेलवे के अनुसार, सितंबर 2026 में 478 किलोलीटर हाई स्पीड डीजल (एचएसडी) की खपत हुई, जबकि सितंबर 2025 में यह 507 किलोलीटर थी। इस प्रकार डीजल खपत में 5.71 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। लोको के अनावश्यक रूप से चालू रहने पर रोक लगाने और जरूरत के अनुसार शटडाउन अपनाने से ईंधन खर्च में कमी आई है। इससे परिचालन लागत नियंत्रित होने के साथ कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि ईंधन की खपत पर नियंत्रण और संसाधनों का बेहतर उपयोग रेलवे की कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।