साड़ी के फंदे से लटकते मिले दोनों के शव, पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ।
*संग्रामगढ़
, ।* संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लालू पट्टी नया पुरवा गांव में मां और उसके ढाई वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नीतू पटेल (30) पत्नी सुरेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। उसका बेटा रिशु पटेल भी मृत अवस्था में मिला। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर मां-बेटे की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए संग्रामगढ़ थाने में लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घर के कमरे में साड़ी के फंदे से मां-बेटे के शव लटकते हुए मिले। इसके बाद परिजनों ने शवों को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, प्रयागराज जोन के आईजी अजय मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय, सीओ राजीव द्विवेदी और थाना प्रभारी सिद्धार्थ सिंह समेत दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मृतका के भाई लवकुश पटेल निवासी अंतामऊ, थाना मानिकपुर ने अपने बहनोई सुरेश कुमार पटेल के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। मायके पक्ष ने मां-बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुरेश कुमार पटेल राजमिस्त्री का काम करता है। गांव में उसके शराब पीने को लेकर भी चर्चाएं हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद नीतू अपने मायके में रह रही थी। मृतका की सात वर्षीय बेटी वैष्णवी और चार वर्षीय बेटा नितिन भी हैं। परिवार में मृतका की सास बीमारी से जूझ रही हैं।
घटना की खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। मौके पर भारी पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी देखकर ग्रामीणों में भय का माहौल रहा। सुबह हुई इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस हिरासत में लिए गए पति से पूछताछ कर रही है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिनसे मां-बेटे की मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।