राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में सरस्वती बालिका विद्यालय की छात्राओं ने जीता प्रथम स्थान
झांसी। भारत विकास परिषद बुंदेलखंड प्रांत, उत्तर मध्य क्षेत्र-2 की ओर से प्रांतीय स्तर की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन आईएमए भवन में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न शाखाओं से चयनित विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संजय दुआ, पर्यवेक्षक एवं क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक संस्कार, उत्तर मध्य क्षेत्र-2 रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव अजय कुमार इटौरिया एवं क्षेत्रीय गतिविधि संयोजक संजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
भारत विकास परिषद मुख्य शाखा झांसी द्वारा चयनित सरस्वती बालिका विद्यालय, दतिया गेट, झांसी की छात्राओं ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय, भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा झांसी सहित बुंदेलखंड प्रांत का नाम गौरवान्वित हुआ। प्रतियोगिता के बाद प्रांतीय पदाधिकारियों ने विजेता छात्राओं को पट्टिका पहनाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद मुख्य शाखा झांसी के अध्यक्ष अमित सराया ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि बालिकाओं की प्रतिभा, परिश्रम, संस्कार और आत्मविश्वास का सुंदर प्रमाण है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय एवं शाखा का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने छात्राओं, उनके अभिभावकों, विद्यालय परिवार एवं मार्गदर्शकों को इस सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के दौरान बुंदेलखंड प्रांत से प्रांतीय गतिविधि संयोजक संस्कार उमाकांत गुप्ता, प्रांतीय संयोजिका राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता सुश्री रजनी आगवेकर, प्रांतीय वित्त सचिव संजय मित्तल, प्रांतीय महिला सहभागिता से सुनीता अग्रवाल सहित भारत विकास परिषद मुख्य शाखा झांसी से विनय जैन, सचिव अनिल कुमार तिवारी, हितेश शर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, राजू झांब, संजय अरोरा आदि उपस्थित रहे। पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न टीमों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद बुंदेलखंड प्रांत के प्रांतीय महासचिव नंद गोपाल अग्रवाल ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं की सभी टीमों, अतिथियों एवं विभिन्न शाखाओं से आए सदस्यों का आभार व्यक्त किया।