पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण 22 केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था परखी, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश
इटावा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की पीईटी परीक्षा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपद में परीक्षा के लिए बनाए गए 22 केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन और पुलिस का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना तथा परीक्षार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करना है।