नदी में कूदी महिला, युवकों ने जान पर खेलकर बचाया रेफर पानी-पूरी की ठेली लगाने वाले अंकित समेत युवकों ने दिखाई तत्परता, डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाई गई महिला
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बल्लापुर गांव स्थित जुआ पुल पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 21 वर्षीय महिला ने जुआ स्थित सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख पुल के पास मौजूद युवकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। युवकों की तत्परता से महिला को नदी से बाहर निकाल लिया गया। वहीं सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने महिला को अजीतमल सीएचसी पहुंचाया। जहां डाॅक्टर ने उसकी हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल काॅलेज चिचैली रेफर कर दिया। तिलकपुर निवासी शिवांजली (21) पत्नी आशीष कुछ दिन पहले अपने मायके बल्लापुर स्थित जुआ गांव आई थी। गुरुवार को वह जुआ पुल पर पहुंची और अचानक सेंगर नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। इसी दौरान पुल के पास पानी-पूरी की ठेली लगाने वाले अंकित कुमार समेत अन्य युवकों ने हिम्मत और तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। और कड़ी मशक्कत के बाद युवकों ने महिला को नदी से बाहर निकाल लिया। युवकों ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल काॅलेज चिचैली रेफर कर दिया। महिला ने किन परिस्थितियों में नदी में छलांग लगाई, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। वहीं, युवकों की सूझबूझ और साहस की लोगों ने सराहना की है, महिला को समय रहते नदी से बाहर निकालने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।