पाँच दिवसीय सेवा संकल्प अभियान का समापन:
बढ़नी (सिद्धार्थनगर)। विकास खंड बढ़नी परिसर में चल रहे पाँच दिवसीय 'सेवा संकल्प अभियान' का शुक्रवार को औपचारिक समापन हो गया। अंतिम दिन विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों और शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही उनकी समस्याओं का निस्तारण भी किया गया।
समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा की वरिष्ठ नेत्री साधना चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार सर्वजन हिताय की भावना से कार्य कर रही है। बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पाँच दिनों तक चले इस सेवा संकल्प अभियान से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण सीधे तौर पर लाभान्वित हुए हैं।
शिविर में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म अदा की गई और नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर डॉ. अविनाश चौधरी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और नि:शुल्क दवाएं वितरित कीं। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत किस्म के बीजों के चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और मृदा परीक्षण की तकनीकी जानकारी दी गई।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया समझाई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी, बढ़नी नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, मंडल अध्यक्ष पप्पू पाठक, जिला मंत्री भाजपा सिद्धार्थ शंकर पाठक, खंड विकास अधिकारी अनिशि मणि पाण्डेय, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शाहिद सिराज,एडीओ एजी रामसेवक, एडीओ पंचायत रामबेलास, सचिव उदय प्रताप गौतम, अवधेश कुमार यादव,नियाज अहमद, भानूप्रताप सिंह, दिलीप यादव,लेखाकार महेंद्र कुमार, लिपिक हरि कृष्णा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।