कासिम इंटर कॉलेज में मनी डॉ. कलाम की जयंती, विद्यार्थियों ने सीखे खगोल विज्ञान व साइबर सुरक्षा के गुर
सिद्धार्थनगर : भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती गुरुवार को कासिम इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विशेष विज्ञान जागरूकता, करियर मार्गदर्शन और साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 'डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन'और सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में, थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस के सहयोग से किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जगाना और उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाना था। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की व्यावहारिक जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने सुरक्षित सोलर फिल्टर व सोलर बबल तकनीक के जरिए सूर्य का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इसके साथ ही रॉकेट प्रौद्योगिकी, उपग्रह और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े भविष्य के करियर विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने डॉ. कलाम के जीवन संघर्ष व विचारों से सीख लेकर अनुशासन और निरंतर अध्ययन के जरिए सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। शिवनगर डिड़ई थाने की पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर व व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, पासवर्ड व निजी डेटा की गोपनीयता, फर्जी लिंक व संदिग्ध संदेशों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन और कानूनी सहायता लेने के तौर-तरीके समझाए। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद सोहब, फाउंडेशन समन्वयक राजनारायण, आदर्श मणि, उपनिरीक्षक संजय राय, चंद्रशेखर यादव, महिला मुख्य आरक्षी नीलम शुक्ला, आरक्षी बृजेश यादव, महिला आरक्षी प्रतिमा दूबे, रोशनी शुक्ला, शिवानी और पंकज राम सहित समस्त शिक्षकगण व छात्र उपस्थित रहे।