कार की चपेट में आने से अधेड़ की मौत,चालक फरार* पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
औरैया। अछल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के स्टेशन रोड पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। भोपालपुर गांव निवासी रमेश पुत्र तुलाराम स्टेशन रोड पर लेटे हुए थे। इसी दौरान फाटक की ओर से आई सफेद स्विफ्ट टैक्सी उनके ऊपर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद चालक ने गाड़ी रोककर रमेश को सड़क किनारे किया और फिर मौके से भाग निकला। सूचना पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी, उप निरीक्षक ब्रजकिशोर और राशिद खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी। रमेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुनीता और बेटी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के परिवार में दो बेटे पवन व पिंटू और चार बेटियां किरण, सोनी, गीता व ज्योति हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।