ग्राम चैपाल में उठा नाली निर्माण और पेंशन का मुद्दा, अधिकारियों ने दिया निस्तारण का भरोसा
अमेठी। विकासखंड संग्रामपुर की ग्राम सभाओं चंडेरिया और मुहीबसाह में गुरुवार को ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत ग्राम चैपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने पेयजल, रास्ते, नाली निर्माण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, कुटुंब रजिस्टर की नकल, राशन कार्ड और पेंशन सहित अन्य समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण का आश्वासन दिया।मुहीबसाह में ग्राम चैपाल की अध्यक्षता कर रहे अजीत सिंह ने बताया कि चैपाल में चार समस्याएं सामने आईं। इनमें कुटुंब रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने और नाली निर्माण कराने की मांग प्रमुख रही।वहीं, चंडेरिया में आयोजित चैपाल की अध्यक्षता कर रहे मुकेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने कुटुंब रजिस्टर की नकल, राशन कार्ड, पेंशन, नाली निर्माण और सोख्ता गड्ढे बनवाने से संबंधित समस्याएं उठाईं।ग्राम चैपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को गांव में ही सुनकर उनका समाधान कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।