गौशालाओं में हरा चारा, भूसा व पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें: डीएम शिवशरणप्पा जीएन
सिद्धार्थनगर ब्यूरो: कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को निराश्रित गौवंश व गौ आश्रय स्थलों के प्रभावी प्रबंधन को लेकर जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने जिले में संचालित सभी गौ आश्रय स्थलों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण करें और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लें। डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि आश्रय स्थलों पर संरक्षित सभी गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा तथा स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति बनी रहनी चाहिए। व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने गौवंश को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त (मनरेगा) संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गनेश प्रसाद सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।