एफबीआई निदेशक कश पटेल ने की सगाई, जानिए कौन हैं एलेक्सिस विल्किंस
वॉशिंगटन। अमेरिका के एफबीआई निदेशक कश पटेल ने अपनी लंबे समय से साथी रहीं कंट्री सिंगर और राजनीतिक टिप्पणीकार एलेक्सिस विल्किंस से सगाई कर ली है। दोनों ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। 27 वर्षीय विल्किंस ने अंगूठी दिखाते हुए पटेल के साथ तस्वीर साझा की, जिस पर उन्होंने लिखा, “Went and got the law involved.” पटेल ने भी पोस्ट साझा किया।
कौन हैं एलेक्सिस विल्किंस?
विल्किंस कंट्री म्यूजिक की गायिका, गीतकार और राजनीतिक टिप्पणीकार हैं। उन्होंने 2023 में अपना डेब्यू ईपी ‘Grit’ जारी किया था। उनकी आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार वह आर्कन्सास में पली-बढ़ीं और बाद में नैशविले में संगीत के क्षेत्र में सक्रिय हुईं। उन्होंने बेलमॉन्ट यूनिवर्सिटी से बिजनेस और पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई की है।
संगीत के अलावा विल्किंस राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़ी रही हैं। PEOPLE के अनुसार, वह 2025 से नेशनल राइफल एसोसिएशन (NRA) की बोर्ड सदस्य हैं। वह राजनीतिक टिप्पणीकार के रूप में भी काम कर चुकी हैं और द अमेरिकन बॉर्डर स्टोरी से जुड़ी रही हैं।
कैसे हुई कश पटेल से मुलाकात?
रिपोर्टों के मुताबिक विल्किंस और पटेल की मुलाकात नैशविले में एक मित्र के कार्यक्रम में हुई थी। दोनों 2023 से रिश्ते में हैं। फरवरी 2025 में पटेल के एफबीआई निदेशक पद की शपथ के दौरान भी विल्किंस उनके साथ मौजूद थीं।
विल्किंस का संगीत करियर और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता उन्हें अमेरिकी सार्वजनिक जीवन में पहले से पहचान दिला चुकी थी। अब कश पटेल से सगाई के बाद वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं।