ब्लॉक कार्यालयों में लगेगी हेल्पडेस्क-सिंगल विंडो, एक ही जगह मिलेगी योजनाओं की जानकारी सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव का निर्देश, 9 अक्टूबर तक सांसद-विधायक से कराएं शुभारम्भ
कुशीनगर। ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा एक ही जगह देने के लिए जिले के सभी विकास खण्ड कार्यालयों में हेल्पडेस्क-सिंगल विंडो की स्थापना की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने इसके निर्देश दिए हैं।
सीडीओ ने निर्देश दिया है कि 03 से 09 अक्टूबर 2026 के बीच प्रत्येक ब्लॉक में किसी एक दिन सांसद, विधायक या ब्लॉक प्रमुख की उपस्थिति में हेल्पडेस्क का शुभारम्भ कराया जाए। हेल्पडेस्क पर जानकारी देने के लिए एक कर्मी की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाएगी।
इस हेल्पडेस्क पर वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम आवास (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास, मनरेगा जॉब कार्ड, शौचालय, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित सभी योजनाओं की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया का मार्गदर्शन दिया जाएगा।
सीडीओ ने यह भी निर्देश दिया कि हेल्पडेस्क पर प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों को अलग रजिस्टर में दर्ज कर समयबद्ध और गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए और आवेदक को निस्तारण की सूचना भी दी जाए। इस पहल से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।