बाल संस्कारशाला में नवरात्रि साधना संकल्प, बच्चों ने किया महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक जाप
झाँसी। विचार क्रांति अभियान एवं युग निर्माण योजना अभिनंदन ग्रंथ समिति के तत्वावधान में बाल संस्कारशाला में नवरात्रि साधना संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एलवीएम की अध्यापिका श्रीमती सोनिया नायक के मार्गदर्शन में प्रातः करीब 7 बजे लगभग 30 बच्चों ने सहभागिता की। इस दौरान बच्चों ने महामृत्युंजय महामंत्र का सामूहिक जाप कर सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में बच्चों को नवरात्रि पर्व की धार्मिक एवं आध्यात्मिक विशेषताओं से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि नवरात्रि आत्मशुद्धि, साधना, संयम और सकारात्मक विचारों को जीवन में अपनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान बच्चों को श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ नवरात्रि व्रत रखने का संकल्प भी कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को व्रत के लिए फलाहार वितरित किया गया, जिसमें आलू के पैकेट और सेब सहित अन्य फल शामिल रहे। श्रीमती कमला यादव ने फलाहार वितरण कर सहयोग प्रदान किया। इसके पश्चात दक्षिणा अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव विकसित करना रहा।