आश्रम से गायब 2 शिष्य मिले! प्रयागराज में मयंक की बरामदगी, अनुज भी पुलिस के कब्जे में
प्रयागराज। संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम से लापता हुए दो शिष्यों की तलाश के बीच दोनों की बरामदगी की खबर सामने आई है। कासगंज के मयंक चौहान को प्रयागराज के दारागंज इलाके से सकुशल बरामद किया गया, जबकि सादाबाद के अनुज चौधरी को बरसाना स्थित एक आश्रम से बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दोनों युवकों के लापता होने के बाद उनके परिजन लगातार उनकी तलाश और बरामदगी की मांग कर रहे थे। आश्रम के बाहर भी परिजनों और अन्य लोगों की ओर से प्रदर्शन किया गया था। अब दोनों के मिलने के बाद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
प्रयागराज से मयंक चौहान बरामदकासगंज निवासी मयंक चौहान की प्रयागराज के दारागंज इलाके से देर रात बरामदगी की बात सामने आई है। मयंक के पिता चंद्रपाल सिंह के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे दारागंज थाने से फोन आया और उन्हें बताया गया कि मयंक पुलिस की कस्टडी में है।
परिजनों के अनुसार, मयंक से वीडियो कॉल पर भी बात कराई गई। बताया गया कि उसने सफेद रंग का साधु वेश धारण किया हुआ था और माथे पर मिट्टी का लेप तथा गले में राधा नाम की कंठी थी।
मयंक की पहचान होने के बाद उसके पिता ने प्रयागराज के नैनी में रहने वाले मामा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामा दारागंज थाने पहुंचे और पुलिस से मयंक की कस्टडी ली।
बरसाना से अनुज भी मिलावहीं, सादाबाद के अनुज चौधरी को बरसाना स्थित लाड़ली दास आश्रम से बरामद किए जाने की जानकारी है। पुलिस उसे अपने साथ ले गई और बाद में कोर्ट में पेश किए जाने की बात सामने आई है।
दोनों युवकों के लापता होने को लेकर पिछले कुछ समय से मामला चर्चा में था। परिजनों की ओर से उनकी तलाश को लेकर प्रदर्शन भी किया गया था।
फिलहाल दोनों युवकों की बरामदगी के बाद उनके परिवारों को राहत मिली है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई और दोनों युवकों के आश्रम तक पहुंचने से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।