आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन न्यूनतम 18 हजार रुपये मासिक मानदेय और अन्य सुविधाएं देने की उठाई मांग

प्रातः काल एक्सप्रेस
फतेहपुर। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश की जिला इकाई ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। संघ ने मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को संतोषजनक मानदेय दिया जाए अथवा संविदा के आधार पर न्यूनतम 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया जाए। संघ का कहना है कि कार्यकर्ता और सहायिकाएं विभागीय योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन जिम्मेदारियों के अनुरूप वर्तमान मानदेय पर्याप्त नहीं है। ज्ञापन में कहा गया कि बढ़ती महंगाई के चलते वर्तमान मानदेय से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो रहा है। संघ ने मानदेय में उचित वृद्धि के साथ अन्य कर्मचारियों की तरह आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही पोषण ट्रैकर सहित विभागीय कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष रेहाना परवीन सहित संघ की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं। संघ ने शासन से मांगों पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई।
इस खबर को शेयर करें