SIDHARTH NAGAR: 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ की संकल्पना के साथ जिला क्रीड़ांगन में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग मंत्री डॉ. संजय निषाद, डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कुशल योग प्रशिक्षकों द्वारा योगा प्रोटोकॉल के अनुसार कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, पवनमुक्तासन आदि आसन कराए गए, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर मत्स्य विभाग मंत्री डॉ. संजय निषाद ने सभी उपस्थित जनसमूह को योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गौतम बुद्ध की पावन धरती है, जहाँ से योग का सूत्रपात हुआ था। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज 21 जून को संपूर्ण विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन 30 मिनट योग करने और योग का गाँव-गाँव में प्रचार-प्रसार करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने भी सभी को योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र में प्रधानमंत्री के प्रस्ताव को 177 देशों ने स्वीकार किया, जिसके फलस्वरूप योग दिवस को अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने जिलाधिकारी को इतने विशाल आयोजन के लिए साधुवाद दिया और लोगों से योग को अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया, क्योंकि स्वस्थ रहने के लिए योग अपरिहार्य है। शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने भी स्वस्थ जीवन हेतु योग को नित्य प्रति अपनाने पर बल दिया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सभी माननीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। योग सप्ताह (15 जून, 2025 से 21 जून, 2025 तक) के दौरान योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले योगाभ्यासियों/छात्र-छात्राओं तथा ग्राम प्रधानों को माननीय मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।







