SIDHARTH NAGAR: आपका खोया हुआ सामान वापस मिल जाए तो चेहरे पर कैसी खुशी आती है, यह गुरुवार को सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन में देखने को मिला। जनपद में विभिन्न स्थानों पर गुम हुए मोबाइल फोन की सूचनाएं पुलिस कार्यालय को प्राप्त हुई थीं, जिनकी बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर ने सर्विलांस टीम को विशेष निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के अनुपालन में, सर्विलांस टीम ने अथक प्रयासों से कुल 102 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। गुरुवार को पुलिस लाइंस में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर ने स्वयं बरामद किए गए इन मोबाइल फोन को उनके संबंधित स्वामियों को सौंपा। अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल धारकों ने जनपदीय पुलिस की जमकर प्रशंसा की और हृदय से आभार व्यक्त किया। कई धारकों ने बताया कि उन्हें विश्वास ही नहीं था कि उनका खोया हुआ मोबाइल कभी वापस मिल पाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल धारकों को अपने फोन की सुरक्षा जिम्मेदारी से करने की भी सलाह दी। इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर द्वारा ₹10,000/- से पुरस्कृत भी किया गया। इस टीम में उप निरीक्षक हरेंद्र चौहान, मुख्य आरक्षी जनार्दन प्रजापति, विवेक मिश्रा, पुष्पेंद्र गौतम, आरक्षी अभिनंदन सिंह और आरक्षी संजीव कुमार शामिल रहे।







