KUSHINAGAR NEWS: नगर पालिका पडरौना द्वारा संचालित बकुलहा स्थित कान्हा गौशाला का गुरुवार को उप जिलाधिकारी पडरौना ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध पाया गया। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली और कर्मचारी रोस्टर के अनुसार उपस्थित मिले। एसडीएम ने हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए परिसर में हरे चारे की बुवाई कराने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ने गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, समय से टीकाकरण और बीमार होने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी गोवंश की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग कराने और निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही गोवंश संरक्षित करने के निर्देश दिए। क्षमता से अधिक पशु न रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गौशाला में चारा-पानी, स्वच्छता, स्वास्थ्य व सुरक्षा की समुचित व्यवस्था बनी रहे और शासन की मंशा के अनुरूप गौशाला का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।







