KAUSHAMBI NEWS: विद्युत उपकेन्द्र बरवा सुजान और वीरघिर क्षेत्र के ग्रामीणों ने जेई पर अनुचित धन लाभ लेकर निगम के राजस्व को नुकसान पहुंचाते हुए अनधिकृत तरीके से 8 पोल की लाइन बना देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने पत्र में लिखा है कि पिछले 25 वर्षों से उनकी लाइन उपकेन्द्र बरवा सुजान से चल रही थी। कुछ माह पहले वीरघिर उपकेन्द्र बनने के बाद सप्लाई वहां से होने लगी। आरोप है कि सुजान के जेई विकास सहानी और एक संविदा कर्मी ने अनुचित लाभ लेकर नियम विरुद्ध 8 पोल की नई लाइन खींच दी। शिकायत के अनुसार नव निर्मित लाइन का एचटी तार बार-बार टूट कर गिर रहा है, जिससे कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार सुबह तार टूटने से स्कूली बच्चों की गाड़ी बाल-बाल बची, वहीं रात में तार टूट कर गिरने से आग लग गई, जिसे किसी तरह काबू में किया गया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर जेई द्वारा एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है। पत्र में कहा गया है कि आस्था के प्रतीक ब्रह्म स्थान के ऊपर से भी तार खींचा गया है, जहां महिलाएं पूजा-पाठ करती हैं, वहां भी हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अनधिकृत लाइन को हटाया जाए और पूर्व की तरह पुरानी लाइन से ही आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही दोषी जेई के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई जनहानि होती है तो उसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
शिकायती पत्र पर प्रिंस कुमार राम, सतीश कुमार, धीरेन्द्र राय, अमरेंद्र कुमार, बालेश्वर राय, आदित्य तेजा गुड्डू, निखिल राय सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।







