Home उत्तर प्रदेश परसिद्धपुर में दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, चार साल में...

परसिद्धपुर में दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, चार साल में एक ही घर में चौथी वारदात

FATEHPUR NEWS: किशनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के परसिद्धपुर गांव में चोरों ने एक घर की पिछली दीवार में सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दी। परिवार के लोग घर के सामने टीन शेड के नीचे सो रहे थे और सुबह उठने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परसिद्धपुर निवासी राजीव कुमार मिश्र पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार मिश्र के मुताबिक, परिवार के पास एक ही कमरा है। बिजली न होने के कारण बीती रात राजीव कुमार मिश्र, उनकी पत्नी, दो बेटे और छोटे भाई संजीव कुमार मिश्र घर के सामने टीन शेड के नीचे सो रहे थे। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे की पिछली दीवार में सेंध कटी देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित के अनुसार, कमरे के अंदर रखा उनकी पत्नी का सूटकेस गायब था। उसमें करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद रखे थे, जिन्हें चोर पार कर ले गए। ग्रामीणों के पहुंचने पर आसपास तलाश की गई तो घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर खेत में सूटकेस और कुछ कपड़े पड़े मिले। पीड़ित परिवार का कहना है कि पिछले करीब चार वर्षों में इसी घर में चोरी की यह चौथी वारदात है। लगातार चोरी की घटनाओं से परिवार में दहशत का माहौल है। घटना की लिखित सूचना धाता थाना की किशनपुर पुलिस चौकी में दी गई। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जल्द चोरी का खुलासा करने और पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले हुई चोरी की घटनाओं में भी पुलिस की ओर से जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में लगातार हो रही वारदातों और लंबित मामलों को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।