Home उत्तर प्रदेश बारिश में जमींदोज हुई क्रांतिकारी दुर्गा भाभी की जन्मस्थली, ग्रामीणों ने स्मारक...

बारिश में जमींदोज हुई क्रांतिकारी दुर्गा भाभी की जन्मस्थली, ग्रामीणों ने स्मारक बनाने की उठाई मांग

KAUSHAMBI NEWS: जिले में लगातार हो रही बारिश अब ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी परेशानी का सबब बनती जा रही है। सिराथू तहसील क्षेत्र के शहजादपुर गांव में लगातार बारिश के कारण महान क्रांतिकारी दुर्गा भाभी की जन्मस्थली का पुराना मकान जमींदोज हो गया। ऐतिहासिक महत्व वाले इस घर के धराशायी होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में मायूसी छा गई। ग्रामीणों के मुताबिक दुर्गा भाभी का जन्म इसी स्थान पर हुआ था। देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली दुर्गा भाभी का नाम क्रांतिकारियों के बीच सम्मान के साथ लिया जाता है। ऐसे में उनकी जन्मस्थली का उचित संरक्षण नहीं हो पाना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय है। लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुका मकान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। मकान के गिरने के बाद ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान का संबंध देश के स्वतंत्रता संग्राम की महान क्रांतिकारी से रहा हो, उसे यूं ही उपेक्षित नहीं छोड़ा जाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराकर दुर्गा भाभी की जन्मस्थली को संरक्षित किया जाए। यहां भव्य स्मारक का निर्माण कराया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष, त्याग और देशभक्ति की जानकारी मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि जन्मस्थली को पर्यटन और ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।