KAUSHAMBI NEWS: लगातार बारिश के चलते सिराथू तहसील के ग्राम सभा बम्हरौली में भी एक कच्चा मकान धराशायी हो गया। बारिश के कारण रामबाबू केसरवानी का मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मकान के गिरने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि रामबाबू केसरवानी अपने परिवार के साथ भरवारी में रहते हैं। गांव में स्थित उनका मकान कच्चा था। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। बारिश का दबाव बढ़ने के साथ ही मकान ने जवाब दे दिया और देखते ही देखते धराशायी हो गया। मकान गिरने से गृहस्थी का सामान भी प्रभावित हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांवों में कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। कई मकान ऐसे हैं, जिनकी दीवारों में दरारें आ गई हैं और वे कभी भी गिर सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बम्हरौली गांव में कच्चे और जर्जर मकानों का सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही रामबाबू केसरवानी के क्षतिग्रस्त मकान का भी राजस्व टीम से निरीक्षण कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों के लिए कच्चे मकान सबसे बड़ा खतरा बन जाते हैं। ऐसे परिवारों को चिह्नित कर आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि बारिश में किसी परिवार को बेघर होने की स्थिति का सामना न करना पड़े।







