पुराने वादों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने गुरुवार को तहसील कार्यालय बिंदकी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट, नायब तहसीलदार कोर्ट समेत विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम कोर्ट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पांच वर्ष पुराने वादों का गुण-दोष के आधार पर प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी अनुमति के बिना तहसील स्तर पर किसी पटल का परिवर्तन न किया जाए। नायब तहसीलदारों के क्षेत्र से संबंधित रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी नायब तहसीलदारों को रजिस्टरों की नियमित रूप से स्वयं जांच करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनगणना, संग्रह अनुभाग, मिसिलबंद रजिस्टर और स्थापना अनुभाग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पटल सहायक को लेखपालों की सर्विस बुक अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी को तहसील के सभी पटलों का नियमित निरीक्षण करने और पेशकारों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने को कहा। दैवीय आपदा से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट प्राथमिकता के आधार पर 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराई जाए। वहीं कलेक्ट्रेट कार्यालय से प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वादों की फाइलों को देखा। उन्होंने धारा-67 के पुराने वादों का तत्काल निस्तारण कराने के साथ अन्य लंबित मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बिंदकी, तहसीलदार बिंदकी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







