आश्वासन के बाद भी निर्णय न होने से नाराज, 7 सितंबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: पशुपालन विभाग में वर्षों से सेवाएं दे रहे पैरावेट, पशुमित्र, लेमैन इन्सीमिनेटर एवं मैत्री कार्यकर्ताओं का नियमित मानदेय की मांग को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। ऑल पैरावेट/पशुमित्र/मैत्री कार्यकर्ता सेवा समिति संघ की जिला इकाई फतेहपुर ने शासन को पत्र भेजकर मांग पूरी न होने पर आर-पार के आंदोलन की चेतावनी दी है. संगठन के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को पशुपालन निदेशालय में पदयात्रा और भूख हड़ताल के दौरान पशुपालन मंत्री की ओर से नियमित मानदेय के संबंध में आश्वासन दिया गया था। संगठन का दावा है कि एक माह के भीतर मानदेय स्वीकृत किए जाने का भरोसा मिलने पर आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय बीतने के बाद भी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं होने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि 5 सितंबर 2026 तक नियमित मानदेय की मांग पर निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के पैरावेट, पशुमित्र, लेमैन इन्सीमिनेटर एवं मैत्री कार्यकर्ता 7 सितंबर से लखनऊ के जीपीओ पार्क में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। पदाधिकारियों का कहना है कि पैरावेट और पशुमित्र ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के बीच रहकर कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण सहित पशुपालन एवं पशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। इसके बावजूद लंबे समय से उन्हें नियमित मानदेय की व्यवस्था का इंतजार करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि वर्षों से सेवा लेने के बावजूद मानदेय को लेकर बार-बार केवल आश्वासन दिया जा रहा है। संगठन ने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए नियमित मानदेय की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। संगठन ने आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति के लिए शासन एवं प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांग को शांतिपूर्ण तरीके से उठाते आ रहे हैं, लेकिन लगातार आश्वासन के बावजूद निर्णय न होने से अब आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि नियमित मानदेय की स्वीकृति होने तक संघर्ष जारी रहेगा।







