Home उत्तर प्रदेश आलू के गिरते भाव पर अनोखा प्रदर्शन, आलू की माला पहन कलेक्ट्रेट...

आलू के गिरते भाव पर अनोखा प्रदर्शन, आलू की माला पहन कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान

जनहित संकल्प पार्टी ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
FATEHPUR NEW: आलू के लगातार गिरते दाम और किसानों को हो रहे आर्थिक नुकसान के विरोध में जनहित संकल्प पार्टी के पदाधिकारियों और किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी गले में आलू की माला पहनकर और हाथों में आलू लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आलू की खेती में लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन बाजार में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि कई किसानों के लिए फसल बेचने के बाद उत्पादन लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। कम भाव के चलते आलू किसान आर्थिक नुकसान झेलने को मजबूर हैं। जनहित संकल्प पार्टी ने सरकार से आलू का लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य निर्धारित करने, किसानों की उपज की उचित कीमत पर खरीद सुनिश्चित करने तथा खरीद व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसान महीनों की मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार करता है, लेकिन बाजार में उचित मूल्य न मिलने से उसकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इस दौरान पार्टी की ओर से किसानों की समस्याओं को लेकर आठ सूत्रीय मांगें उठाई गईं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार कम भाव मिलने से आलू किसान संकट में हैं। यदि सरकार ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो किसानों की आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आलू किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने, लागत के अनुरूप लाभकारी मूल्य निर्धारित करने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग की गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आलू की माला पहनकर और हाथों में आलू लेकर किया गया प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।