Home उत्तर प्रदेश मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नर्सिंग होम, स्वास्थ्य विभाग...

मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नर्सिंग होम, स्वास्थ्य विभाग ने किया सील

पूर्व में प्रकाशित खबर का लिया संज्ञान, जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई
FATEHPUR NEWS: असोथर कस्बे में मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से संचालित किए जा रहे नर्सिंग होम के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। मामले को लेकर पूर्व में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के बाद यह कार्रवाई की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. शैलेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित प्रतिष्ठान पर पहुंची। टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित बताए जा रहे नर्सिंग होम को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। बताया गया कि कस्बे में मेडिकल स्टोर के नाम से संचालित दुकान में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित किए जाने की शिकायत सामने आई थी। मामला प्रकाश में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के बाद विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति अथवा निर्धारित मानकों के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए असोथर क्षेत्र में संचालित अन्य निजी मेडिकल स्टोर एवं स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों की भी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं बिना आवश्यक अनुमति या निर्धारित मानकों के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होती पाई जाएं तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र में अन्य ऐसे प्रतिष्ठानों पर भी जांच और कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है, जहां स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन को लेकर नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।