Home उत्तर प्रदेश भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 चोरी...

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 चोरी की बाइक समेत एक नेपाली अभियुक्त गिरफ्तार

BALRAMPUR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर मुस्तैदी दिखाते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा पार वाहन तस्करी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया है। 12 अगस्त 2026 को बाह्य सीमा चौकी बलभेरिया के कमाण्डर उपनिरीक्षक (सामान्य) जगदीश नारायण को मिले खुफिया इनपुट के आधार पर यह त्वरित कार्रवाई की गई। सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पिपरा गाँव के रास्ते बार्डर पिलर संख्या-576 से होकर चोरी की मोटरसाइकिलें नेपाल ले जाने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए ‘ई’ समवाय कंचनपुर के प्रभारी सहायक कमाण्डेंट जादव भूषण भरतराव के आदेश पर स्थानीय पुलिस चौकी मंझगवा को सूचित किया गया और तुरंत एक विशेष संयुक्त गश्त दल का गठन किया गया।एसएसबी कमाण्डर उपनिरीक्षक जगदीश नारायण और यूपी पुलिस कमाण्डर उपनिरीक्षक भीम सेन के नेतृत्व में गठित इस दल में एसएसबी के मुख्य आरक्षी अनूप कुमार तिवारी, आरक्षी अनुज कुमार पाल, गोविन्द, विश्वनाथ बाग व विक्रम मांझी तथा पुलिस चौकी मंझगवा (थाना पचपेड़वा) के उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह, मुख्य आरक्षी राम अचल सोनकर, आरक्षी सूरज सिंह व गजेंद्र चौहान शामिल रहे। संयुक्त दल ने बार्डर पिलर संख्या-576 के पास भारतीय सीमा के भीतर मोर्चा संभाला। जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचे, गश्त दल ने उन्हें रोककर चेकिंग की, जिसमें 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं और मौके से एक नेपाली अभियुक्त को रंगे हाथों धर दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्त एवं बरामद मोटरसाइकिलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना पचपेड़वा के सुपुर्द कर दिया गया है।